पकड़ी रेंज में 24 घंटे में मगरमच्छ ‘उर्वशी’ का सफल रेस्क्यू

धरती पूर्वांचल की महराजगंज संवाददाता
पकड़ी रेंज अंतर्गत अमूरतीया बाज़ार नगर पालिका परिषद, महराजगंज में मगरमच्छ के पाए जाने की सूचना पर क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी के निर्देशन में गठित टीम में वनकर्मी एवं विशिष्ट रेस्क्यू टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। लगभग 24 घंटे तक लगातार प्रयास और कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ ‘उर्वशी’ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू के दौरान वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में लिया।रेस्क्यू के उपरांत आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मगरमच्छ उर्वशी को भगवानपुर बीट के अभ्यारण्य क्षेत्र में रोहिणी नदी के प्राकृतिक वास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीवों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके अनुकूल प्राकृतिक वास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई कि वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने या उन्हें नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें। दौरान रेस्क्यू क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी जी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन दरोगा बृजेश चौहान, वन रक्षक विक्रांत सिंह व सुरक्षा टीम उपस्थित रहे। वन विभाग की टीम के सफल रेस्क्यू अभियान से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली तथा टीम के प्रयासों की सराहना की।