पकड़ी रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध कटान करते एक अभियुक्त गिरफ्तार

महराजगंज (धरती पूर्वांचल की)। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत पकड़ी रेंज की महलगंज प्रथम बीट में वन विभाग ने अवैध वृक्ष कटान के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मौके से अवैध रूप से काटा गया वृक्ष भी बरामद कर कब्जे में लिया गया है।
वन विभाग को महलगंज प्रथम बीट क्षेत्र में अवैध कटान की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर क्षेत्रीय वनाधिकारी के निर्देशन में गठित टीम ने देर रात बारिश के बीच घेराबंदी कर कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से वृक्ष काटते हुए पकड़ा गया, जिसे हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध वन अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
वन क्षेत्राधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध कटान, लकड़ी तस्करी एवं अन्य वन अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि कहीं भी वन अपराध या अवैध कटान की सूचना मिलने पर तत्काल वन विभाग को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई का नेतृत्व वन दरोगा बृजेश चौहान एवं विपुल मिश्रा ने किया। टीम में वन रक्षक विक्रांत सिंह तथा चौकीदार ऋत्विक मोहम्मद भी शामिल रहे।
— संवाददाता, धरती पूर्वांचल की, महराजगंज