नव निर्मित सड़क और नाली निर्माण पर उठे सवाल

अमवा रपोर्टर विवेक शर्मा
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर उपाध्याय में पंचायत भवन तक पहुंचने वाली नव निर्मित सड़क एवं नाली निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और नाली का निर्माण हाल ही में कराया गया है, लेकिन निर्माण कार्य में अनियमितताएं स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार कहीं सड़क का स्तर नीचे है तो कहीं नाली सड़क से ऊंची बनी हुई है, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है। विशेष रूप से साइकिल एवं मोटरसाइकिल चालकों को दुर्घटना से बचते हुए सावधानीपूर्वक गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति आम जनता के लिए जोखिमपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।