ईंट भट्ठे के पानी भरे गड्ढे में डूबे दो मासूम भाई, क्षेत्र में पसरा मातम

धरती पूर्वांचल की धरमौली संवाददाता
महराजगंज जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम सभा चेहरी टोला महलगंज में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है।
किराये के मकान में रहने वाले डब्लू साहनी के दो मासूम पुत्र जिसमें पहले का नाम राज (उम्र करीब 5 वर्ष) व दूसरे का नाम आयुष (उम्र करीब 4 वर्ष) मंगलवार शाम करीब 5 बजे घर के पास ईंट भट्ठे के पास जमा मिट्टी के ढेर पर खेलते समय अचानक लापता हो गए।
परिजनों द्वारा सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान पास ही एक गड्ढे में, जिसमें बरसात का पानी भरा हुआ था, काफी खोजबीन की गई। गड्ढे की तलहटी में दोनों बच्चे डूबे हुए मिले।
दोनों बच्चों को तत्काल बाहर निकालकर जिला अस्पताल महराजगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शवों को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय के मरचरी हाउस में रखवा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पिता डब्लू साहनी (28 वर्ष) ई-रिक्शा चालक हैं, जबकि माता मनीषा साहनी (25 वर्ष) गृहिणी हैं।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।