मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने संभाली विद्यालय की कमान, कुमारी संगम बनीं एक दिन की प्रधानाचार्य

धरती पूर्वांचल की निचलौल संवाददाता
निचलौल, महाराजगंज। शिव जे एन जी जूनियर हाई स्कूल, शिव धाम इटहिया में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। इस अवसर पर कक्षा-7 की छात्रा कुमारी संगम ने एक दिन के लिए प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाली, जबकि अन्य छात्राओं ने अध्यापिका के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन किया।कार्यक्रम के दौरान आरती, अनु, सुनैना, संजना, रागिनी, दिव्या, सुंदरी, राधिका, अफसाना, दीपिका, आराधना, जया, अस्मिता, निर्मला सहित अन्य छात्राओं ने शिक्षण कार्य एवं विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। छात्राओं ने अपनी जिम्मेदारियों को उत्साह और आत्मविश्वास के साथ निभाते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करना, उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना तथा उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना रहा। मिशन शक्ति के माध्यम से बालिकाओं को यह संदेश दिया गया कि वे शिक्षा, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।विद्यालय की इस पहल को बालिका सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक होने के साथ-साथ उनमें आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता की भावना भी विकसित करते हैं।