पूर्व जनप्रतिनिधियों को विधायक-सांसद की भांति पेंशन देने की मांग

धरती पूर्वांचल की परतावल संवाददाता
परतावल, महराजगंज। अभय समाज पार्टी के तत्वावधान में रविवार को ब्लॉक परतावल के सभागार में पूर्व ग्राम प्रधान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व जिला पंचायत को आजीवन पेंशन एवं सम्मानजनक सुविधाएं दिलाने की मांग को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अभय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न निषाद ने की, जबकि संचालन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश निषाद ने किया।बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न निषाद ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को समानता का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के वोट से निर्वाचित होकर क्षेत्र की सेवा करते हैं, लेकिन पूर्व ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्यों को सेवानिवृत्ति के बाद किसी प्रकार की सम्मानजनक पेंशन सुविधा नहीं मिलती।उन्होंने कहा कि विधायक एवं सांसदों को पेंशन एवं अन्य सुविधाएं मिलती हैं, तो पंचायत स्तर पर जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानजनक पेंशन एवं सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने इस मांग को लेकर अभय समाज पार्टी द्वारा संघर्ष जारी रखने की बात कही।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आगामी समय में वोट के बदले जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली सुविधाओं और पेंशन व्यवस्था के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व जनप्रतिनिधियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।बैठक में रामचंद्र निषाद, अवनीश चंद्र, राजवल्ली निषाद, कौशिक प्रसाद, हरी, बालाकृष्ण निषाद, सुधांशु चंद्र गोंड सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।