बदहाल सड़क से वार्ड 12 के लोग परेशान, बरसात में पैदल चलना भी हुआ मुश्किल

परतावल (महराजगंज)। गोरखपुर–महराजगंज मुख्य मार्ग से पश्चिम दिशा की ओर नहर तक जाने वाली लिंक रोड, जो नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 12 भगत सिंह नगर में स्थित है, इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के मौसम में सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सड़क की जर्जर हालत के कारण रोजमर्रा के आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।वार्ड नंबर 12 के निवासी विनोद गुप्ता व राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क की निर्माण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से शीघ्र सड़क बनवाने एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।