वन महोत्सव सप्ताह में ग्रीन चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

धरती पूर्वांचल की महराजगंज संवाददाता
पकड़ी नोनिया (महराजगंज)। वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज के ग्रामसभा पकड़ी नोनिया में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान श्री इन्द्रमणि वर्मा एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प दिलाया। ग्रीन चौपाल में ग्रामीणों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक एवं आर्थिक महत्व की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया गया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री सुशांत मणि त्रिपाठी वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, चौकीदार ऋतिक मोहम्मद, दैनिक सुरक्षा श्रमिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने वन महोत्सव सप्ताह को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने और हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।